ऑन कॉल डिमांड पर मिल रही हैं परिवार नियोजन की अस्थायी सेवाएं



  • शहरी क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता बांट रही हैं कंडोम व गर्भनिरोधक गोलियां

  • दम्पत्ति की तरफ से क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी होती है इनकी मांग

  • फोन के जरिये सपोर्ट कर रही है स्वयंसेवी संस्था पीएसआई


गोरखपुर, 25 अप्रैल 2020


लॉकडाउन के बीच कोरोना से जंग लड़ रही है आशा कार्यकर्ता परिवार नियोजन कार्यक्रम को भी सफल बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। खासतौर से शहरी क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता ऑन फोन लाभार्थियों की तरफ से डिमांड आने पर परिवार नियोजन संबंधित अस्थायी सेवाएं उपलब्ध करवा रही हैं। इन सेवाओं की मांग दम्पत्ति की तरफ से उनके क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी होती है। इस समय कंडोम और गर्भ निरोधक गोलियां ही उपलब्ध करायी जा रही हैं। इस कार्य में स्वयंसेवी संस्था पापुलेशन इंटरनेशनल सर्विसेज (पीएसआई) भी आशा कार्यकर्ताओं को फोन के जरिये प्रोत्साहित कर रही है।


आशा कार्यकर्ता संध्या सिंह ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी आवश्यक सुरक्षा सामग्री (मॉस्क, ग्लब्स, हैंड सेनेटाइजर) उपलब्ध कराई गई है। वह मोबाइल के जरिये लाभार्थियों के संपर्क में हैं। बाहर से आए लोगों और विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग में सहयोग के अलावा उनसे जो भी परिवार नियोजन सामग्री मांगी जाती है, वह उपलब्ध कराती हैं। आशा कार्यकर्ता निकहत जहां का कहना है कि लाभार्थियों के पास उनके नंबर पहले से उपलब्ध हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने पांच संस्थागत प्रसव करवाया था जिनमें से एक लाभार्थी को प्रेरित कर पीपीआईयूसीडी भी लगवाया गया।


आशा कार्यकर्ता मालती का कहना है कि वह दर्जनभर से ज्यादा परिवारों को उनकी मांग पर परिवार नियोजन संबंधित अस्थायी सेवा दे चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पीएसआई-टीसीआईएचसी परियोजना के सदस्य इस कार्य के लिए उन्हें समय-समय पर प्रेरित भी करते रहते हैं। उनके प्रेरणास्पद संदेश प्राप्त होते रहते हैं। आशा कार्यकर्ता बिंदु का कहना है कि सोशल डिस्टेंशिंग का पालन करते हुए परिवार नियोजन के अस्थायी साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी लाभार्थी को मना नहीं किया जा रहा है। जिन लाभार्थियों के अंतरा इंजेक्शन का ड्यू डेट है, उन्हें अस्थायी सेवाएं लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है और ऐसे लोग इन सेवाओं को स्वीकार भी कर रहे हैं।


इन सेवाओं पर नहीं है रोक


• निरोध
• माला-एन
• साप्ताहिक गोली छाया
• पीपीआईयूसीडी (प्रसव के तुरंत बाद लगने वाली कॉपर टी)


इनकी सुविधा फिलहाल नहीं


• निर्धारित सेवा दिवस पर होने वाली नसबंदी
• गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा
• आईयूसीडी


आवश्यक सेवाएं जारी


"जिले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएं जारी हैं। आशा कार्यकर्ताओं का प्रयास सराहनीय है। लाभार्थियों को उपलब्ध आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं।"


डॉ. श्रीकांत तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, गोरखपुर